घोघरडीहा प्रखंड स्थित GPSVS परिसर में कालिंदी दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित
9 अप्रैल 2025:
आज घोघरडीहा प्रखंड के स्वराज्य विकास संघ (GPSVS)
परिसर में GPSVS परिवार के सदस्यों ने पूज्य कालिंदी दीदी को भावभीनी श्रद्धांजलि
अर्पित की। वे आचार्य विनोबा भावे की समर्पित शिष्या और निःस्वार्थ सेवा की प्रतीक
थीं।
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत सर्व धर्म प्रार्थना के साथ हुई, जिससे वातावरण में शांति और आध्यात्मिकता की अनुभूति हुई। GPSVS
के संस्थापक श्री तपेश्वर सिंह ने कालिंदी दीदी
की प्रेरणादायी जीवन यात्रा को साझा किया, जिसमें
उन्होंने विनोबा भावे के भूदान आंदोलन और जीवनपर्यंत सत्य, ज्ञान एवं सेवा के प्रति समर्पण को रेखांकित किया।
कालिंदी दीदी के बारे में:
मूल रूप से मध्यप्रदेश के इंदौर की रहने वाली
कालिंदी दीदी स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य तात्यासाहब सरवटे की
सुपुत्री थीं। विनोबा भावे के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने अपना जीवन उनके
कार्यों को समर्पित कर दिया। उनके तीनों भाई — नरेंद्र भाई, देवेंद्र भाई और महेंद्र भाई — भी विनोबा जी के कार्यों से जुड़े हुए
थे। वे बालनिकेतन संघ की संस्थापक संचालक पद्मश्री शालिनी ताई मोघे की बहन भी थीं।
कालिंदी दीदी ने वर्षों तक विनोबा जी
के साथ देश भर में भूदान पदयात्रा की। वे ब्रह्मविद्या मंदिर से प्रकाशित मासिक
पत्रिका ‘मैत्री’ की लगभग 40 वर्षों तक संपादक रहीं। उन्होंने पवित्र कुरान का गंभीर अध्ययन कर ‘इस्लाम का पैगाम’ जैसी महत्वपूर्ण पुस्तक की रचना की।
अभी चार माह पूर्व उनके भूदान अनुभवों पर आधारित संस्मरणों की पुस्तक का विमोचन
मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति द्वारा किया गया।
आध्यात्मिक प्रस्थान:
डॉ. पुष्पेंद्र दुबे ने जानकारी दी कि आज प्रातः 5:00
बजे कालिंदी दीदी का 93 वर्ष की आयु में शांतिपूर्वक देहावसान हुआ। विगत दो महीनों से वे
मृत्यु की तैयारी में जुटी थीं—उन्होंने भोजन त्यागकर केवल जल पर निर्भर रहना शुरू
कर दिया था। अंतिम क्षणों तक उनकी स्मृति सतेज बनी रही और वे देश-दुनिया की
गतिविधियों में रुचि लेती रहीं।
उनका यह प्रस्थान अंत नहीं, बल्कि व्यक्त से अव्यक्त में जाने की एक आध्यात्मिक यात्रा मानी जा रही
है। श्री तपेश्वर सिंह ने कहा, “अब वे
केवल शरीर तक सीमित नहीं रहीं, वे
व्यापक हो गई हैं। उनके जीवन और कार्यों की प्रेरणा हमें निरंतर मिलती रहे।”
GPSVS परिवार ने नम आँखों और श्रद्धा भरे
मन से पूज्य कालिंदी दीदी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
ॐ शांति शांति शांति:।।🙏🌹💐